Wednesday, 6 April 2016

तय समय पर क्षतिपूर्ति न होने पर भड़के ग्रामीण

भदालीखाल-भेल्डा बड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए भेल्डा छोटा के काश्तकारों की कृषि भूमि को जेसीबी से क्षतिग्रस्त करने का मामला न सुलझने से ग्रामीणों ने पटवारी चौकी में एकत्र होकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। संबंधित ठेकेदार द्वारा क्षतिपूर्ति का भुगतान करने का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।

21-22 मार्च की रात्रि ठेकेदार ने भेल्डा छोटा के ग्रामीणों की बिना सहमति के जेसीबी को ग्रामीणों के खेत को क्षतिग्रस्त करते हुए स्वीकृत मोटरमार्ग स्थल तक पहुंचाया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने पट्टी पटवारी को लिखित शिकायत कर क्षतिपूर्ति का भुगतान करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मंगलवार को तय समय पर ठेकेदार द्वारा भुगतान न करने पर ग्रामीण राजस्व चौकी में पहुंचकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। ग्रामीण नुकसान की भरपाई के लिए 1.5 लाख की मांग पर अड़े रहे। लेकिन मौके पर विभाग का कोई भी अधिकारी मौजूद नही था।

ग्रामीणों के तेवर देखते हुए पीएमजीएसवाई कोटद्वार के एई एसएस त्यागी ने अवर अभियंता बीएस सैनी को ग्रामीणों से वार्ता करने दुगड्डा राजस्व चौकी भेजा। राजस्व उपनिरीक्षक एमएस नेगी ने अवर अभियंता को ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराते हुए उचित नुकसान की भरपाई करने को कहा।

जेई सैनी ने कहा कि विभागीय जांच में केवल पचास हजार का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि जेसीबी को उनके खेत से ले जाना गैर कानूनी है। अंत में सामूहिक निर्णय के आधार पर ठेकेदार द्वारा बुधवार को एक लाख रुपये राजस्व चौकी में दिए जाने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।

No comments:

Post a Comment