Tuesday, 5 April 2016

उधारी में शुरू हुआ सड़क मरम्मत का काम

लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने उधारी में एजेंसी मोहल्ले में बदरीनाथ हाईवे का सुधार कार्य शुरू कर दिया है। लोनिवि की इस कवायद से एजेंसी मोहल्ले में धूल और वाहन दुर्घटनाओं से निजात मिल सकेगी।

एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) की परियोजना के तहत शहर में पेयजल लाइनों का पुनर्गठन किया जा रहा है। करीब एक माह पहले एडीबी ने एजेंसी मोहल्ले में जल संस्थान के पंप हाउस से घसिया महादेव तक करीब 300 मीटर पैच में एक ओर आधी सड़क खोदकर नई पाइप लाइन बिछाई। इसके बाद भरान के लिए बिछाए गए कंक्रीट और मिट्टी  लोगों के लिए मुसीबत बन गई।

दिक्कत यह है कि एडीबी ने सड़क मरम्मत के लिए लोनिवि हाईवे खंड को एक भी धेला नहीं दिया है। इससे लोनिवि सड़क की मरम्मत नहीं कर पा रही थी। अगले माह से शुरू हो रही चार धाम यात्रा और लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए लोनिवि ने पेटिंग कराना शुरू कर दिया है। इधर, लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एडीबी से पैसा नहीं मिला है। चार धाम यात्रा भी शुरू होने जा रही है। धूल और कंक्रीट से लोग परेशान थे। ऐसे में सुधार कार्य शुरू करवाया जा रहा है। उम्मीद है कि एडीबी से बजट मिल जाएगा।

No comments:

Post a Comment