भाजपा के प्रदर्शन के दौरान घायल हुआ पुलिस का घोड़ा शक्तिमान अब अपने पैरों पर खड़ा होने लगा है। शक्तिमान को फिर से शक्तिवान बनाने के लिए अमेरिका के डॉक्टरों की मदद ली गयी।
बहुत जल्द ही अमेरिका से शक्तिमान के लिए कृत्रिम पैर भी आ जाएगा। बताया जा रहा है कि शक्तिमान के लिए कृत्रिम पैर तैयार किया जा चुका है।
मंगलवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शक्तिमान को देखने पुलिस लाइन पहुंचे। जहां रावत ने घोड़े के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
गौरतलब है कि भाजपा विधायक गणेश जोशी पर पुलिस की भड़ास बेजुबान पर निकालते हुए उसे बेरहमी से पीटने का आरोप है। पुलिस ने विधायक गणेश जोशी और उनके समर्थकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद विधायक गणेश जोशी की इस हरकत पर देश भर में तीखी भर्त्सना हो रही है।
रिस्पना पुल के समीप अंतिम बैरिकेडिंग पर पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता विधानसभा तक पहुंचने के लिए पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर रहे थे।
शक्तिमान नाम के घोड़े पर बैठा घुड़सवार पुलिसकर्मी भाजपाइयों को रोकने की कोशिश कर रहा था। तभी युवा नेता जितेंद्र रावत मोनी जमीन पर गिर पड़े और घोड़ा बिदक गया। अफरातफरी में घोड़े ने जितेंद्र रावत को लात मार दी।
यह बात विधायक जोशी को नागवार गुजरी। विधायक ने आव देखा न ताव एक पुलिसकर्मी के हाथ से डंडा छीनकर घोड़े पर ताबड़तोड़ डंडे की बौछार कर दी। एसएसपी सदानंद दाते समेत पुलिसकर्मी विधायक को रोकते रहे, लेकिन विधायक पुलिस वालों से भी उलझ पड़े।
No comments:
Post a Comment